Betul News: अब युवाओं को मिलेगा प्रतिभा निखारने का अवसर खेलेगा युवा, खेलेगा मध्यप्रदेश अभियान के तहत होगा खेलों का आयोजन युवा मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बनाई कार्ययोजना…

Betul News: बैतूल। भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो युवाओं को मौका देती है। किसी भी पार्टी में युवा शक्ति का अपना एक अलग महत्व होता है। देश के विकास उत्थान में वर्तमान समय में युवाओं का विशेष योगदान है। यह बात शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित बैठक में युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे ने व्यक्त की। इस अवसर पर खेलेगा युवा, खेलेगा मध्यप्रदेश-खिलेगा कमल अभियान का शुभारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार के नेतृत्व में युवा मोर्चा द्वारा खेलेगा युवा, खेलेगा मध्यप्रदेश, खिलेगा कमल अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान के तहत युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्राप्त होगा।


बैठक को संबोधित करते हुए श्री मगरदे ने कहा कि युवा शक्ति को कहीं भी किसी भी प्रकार से कम आंका नहीं जा सकता है। यही कारण है कि भाजपा युवा मोर्चा में बड़ी संख्या में युवा शक्ति मिलकर भारत के विकास, उत्थान में कदम से कदम मिला कर काम कर रही है।देश का नेतृत्व करने के लिए लोग भाजपा को देख रहे हैं। देश की आधी से अधिक जनसंख्या युवा है। आज का युवा भारत को विश्वगुरु बनाने को संकल्पित है। ऐसे में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का अब यह दायित्व बन गया है हम सब मिलजुल कर युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करें।


–ग्रामीण स्तर से प्रदेश स्तर तक होगा खेलों का आयोजन–
अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला भाजपा कार्यालय में भाजयुमो जिला कार्यकारिणी सदस्यों अध्यक्ष, महामंत्री तथा युवा मोर्चा की पूरी टीम की आवश्यक बैठक जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा भास्कर मगरदे जी के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। श्री मगरदे ने बताया कि मध्यप्रदेश में ग्रामीण स्तर से प्रदेश स्तर तक युवा मोर्चा के नेतृत्व में खेलो का आयोजन किया जाएगा। जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्राप्त होगा। प्रदेश स्तर खेल का कार्यक्रम मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की उपस्थिति में सम्पन्न कराया जाएगा। जिला महामंत्री युवा मोर्चा संतोष टेकाम ने बताया कि बैतूल जिले के प्रत्येक मंडल में बैठके तथा कार्यक्रम का दौर जारी है।।युवा मोर्चा खेलो के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। बैठक में युवा मोर्चा जिला पदाधिकारी-कार्यकारिणी सदस्य, मंडल अध्यक्ष-महामंत्री एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।