Betul Crime News: महिला को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, एसपी पहुंची मौके पर

Betul Crime News : मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में एक 40 से 45 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला दिव्यांग थी और सब्जी बेच कर गुजारा करती थी। हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। सूचना मिलने पर एसपी सिमाला प्रसाद ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले गुरुवार शाम को एक बस का टायर फटने से दो यात्री युवक घायल हो गए। इनमें से एक को नागपुर रेफर किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूल शहर के सदर क्षेत्र में डॉन बास्को के पास रहने वाली महिला मीराबाई कांगले की हत्या की सूचना किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम में दी। बताया जाता है कि महिला की हत्या उसी के घर में घुस कर की गई है। महिला मीरा बाई अपने बेटे के साथ रहती थी। वह सब्जी बेच कर गुजारा करती थी। उसका बेटा किसी काम से भोपाल गया था।

इसी बीच किसी ने महिला की उसी के घर में हत्या कर दी। मीराबाई की हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि महिला दिव्यांग थी और कुछ समय पहले ही उसे प्रशासन द्वारा व्हील चेयर भी उपलब्ध कराई गई थी।